फ्रंट लाइन (रमेश नवदीप) शहर की आबोहवा खराब होती जा रही है, क्योंकि कूड़े को संभालने की बजाय उसमें आग लगाई जा रही है। दूसरा कारण अधिक ठंड के कारण जो स्मॉग बन रही है, वह भी एयर क्वालिटी इंडेक्स को बढ़ा रही है। सुबह की शुरूआत ही खराब हवा से हो रही है। जिस तरफ भी चले जाओ कूड़े को आग लगाई जा रही है। जबकि बरसात ने मौसम को ठंडा कर दिया है और हवा भी साफ कर दी थी लेकिन 2 दिन बाद फिर से हालात बिगड़ने लगे हैं।
बुधवार को जालंधर का ए.क्यू.आई. 167 पर पहुंच गया। सुबह व शाम की ठंडक के कारण स्मॉग बननी शुरू हो गई है जिस कारण शहर की हवा भी प्रदूषित हो रही है जो कि सांस की समस्या वाले मरीजों के लिए सही नहीं है। 150 से अधिक ए.क्यू.आई. सेहत के लिए हानिकारक माना जाता है। ए.क्यू.आई. बिगड़ने का प्रमुख कारण पराली का धुआं भी है। अब भी जिले में कई जगह पराली को आग लगाई जा रही है लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि कूड़े की आग शहर की हवा खराब कर रही है।
हर रोज मकसूदां व फोकल प्वाइंट सब्जी मंडी में लगाई जा रही कूड़े को आग
मकसूदां सब्जी मंडी व फोकल प्वाइंट सब्जी मंडी में कूड़े के पहाड़ बन गए हैं। मकसूदां सब्जी मंडी में 10 टन कूड़ा हर रोज निकल रहा है जिसको आग लगाई जा रही है। इससे आसपास के लोग काफी परेशान हैं और दूसरा वातावरण प्रदूषित हो रहा है। इसी तरह फोकल प्वाइंट सब्जी मंडी में हर रोज कई टन कूड़ा कॉलोनियों से लाकर फैंका जा रहा है जिसको कूड़ा उठाने वाले आग लगा देते हैं। सुबह व शाम के समय सैर करने निकले लोग गंदी हवा से परेशान हो रहे हैं। हवा प्रदूषित करने वालों पर पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड भी कोई एक्शन नहीं ले रहा है।
आने वाले दिनों में बढ़ेगी ठंड, धूप खिलेगी
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज होगी। लेकिन दिन के समय घूप खिलने से राहत मिलेगी। अभी दिन का तापमान 26 से 27 डिग्री तक चल रहा है और रात का तापमान 14 से 15 डिग्री तक जिसका मुख्य कारण हिमायल में हो रही बर्फबारी है। जैसे-जैसे पहाड़ों में ठंड बढ़ रही है, शहर की तरफ आने वाली हवाएं भी ठंडी होती जा रही हैं। Bad air starts the day in Jalandhar, city’s AQI worsen