फ्रंट लाइन (ब्यूरो) नॉर्थ-ईस्ट व दक्षिण राज्यों में भी पैर पसार चुकी भाजपा ने अब पंजाब पर भी फोकस करना शुरू कर दिया है। 2024 के लोकसभा चुनाव व 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पंजाब में भाजपा मनजिंद्र सिंह सिरसा को आगे कर चुनावी मैदान फतेह करने की तैयारी कर रही है। भाजपा के दिल्ली के उच्च स्तरीय सूत्रों के मुताबिक पार्टी पंजाब भाजपा का नया प्रधान सिख नेता मनजिन्द्र सिंह सिरसा को बनाने का मन बना चुकी है।
सिरसा दिल्ली के बड़े सिख चेहरे हैं। अकाली दल को अलविदा करने के बाद जब से उन्होंने भाजपा ज्वाइन की है, वे लगातार भाजपा के लिए जबरदस्त राजनीतिक बल्लेबाजी कर रहे हैं। पंजाब में दर्जनों बड़े सिख नेताओं को वे भाजपा ज्वाइन करवा चुके हैं। इसके अलावा मीडिया में बेबाकी से भाजपा के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं। किसानी, सिख व पंजाब के मसलों पर वे लगातार भाजपा का मजबूती से पक्ष रखते आ रहे हैं। वे तथ्यों सहित लोगों को यह बताते हैं कि भाजपा ही पंजाब व सिखों की सभी समस्याओं का हल कर रही है और भविष्य में कर सकती है। जिस तरह से वह भाजपा के लिए बल्लेबाजी कर रहे हैं, उतनी तो आज तक पंजाब के भाजपा नेता भी नहीं कर सके।
सिरसा की पंजाबी बोली बेहद शुद्ध है जबकि पंजाब के ज्यादातर भाजपा नेताओं की पंजाबी में हिंदी मिक्स हो जाती है जिसके कारण पंजाबियों पर उनका प्रभाव नहीं पड़ता। किसान आंदोलन के समय सिरसा ने डटकर किसानों के हक में आवाज बुलंद की थी और किसानों के लिए लंगर व अन्य सुविधाओं का प्रबंध किया। उस समय वह डटकर भाजपा का विरोध करते रहे, जिसके कारण किसानों में काफी लोकप्रिय हो गए थे। सिरसा जहां जट सिख हैं वहीं उनकी पूर्ण सिख वाली वेशभूषा सभी को प्रभावित करती है। भाजपा पंजाब की राजनीति के लिए मनजिन्द्र सिंह सिरसा को हर तरह से फिट मान रही है। सिखों में अकाली दल का ग्राफ लगातार गिरता जा रहा है, जिसका राजनीतिक लाभ सिरसा के रूप में भाजपा उठाना चाहती है। सिरसा के माध्यम से ही भाजपा सिखों के कई अहम मसले हल करने का प्लान भी बना रही है।
BJP preparing to play bets on this big Sikh face in Punjab